छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज आयुष पाण्डेय को इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में रणजी ट्रॉफी में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई टीम में उनका चयन प्रदेश के क्रिकेट इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में इस खबर के बाद उत्साह का माहौल है।
बड़े मैचों में दिखाई बल्लेबाजी की ताकत
इंडिया ए टीम में जगह बनाने वाले आयुष पाण्डेय ने रणजी ट्रॉफी में कई यादगार पारियां खेली हैं। उन्होंने असम के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा, जबकि दिल्ली और मुंबई जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भी शतक लगाए। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य और आक्रामकता का संतुलन देखने को मिलता है, जो उन्हें एक सफल ओपनर बनाता है।
चयनकर्ताओं का बढ़ा भरोसा
श्रीलंका दौरे पर जाने वाली इंडिया ए टीम में आयुष को ओपनिंग बल्लेबाज की भूमिका दी गई है। यह उनके कौशल और निरंतर प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं के भरोसे को दर्शाता है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे में अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय टीम के लिए भी दावेदार माना जा सकता है।
अरुण साव ने दी शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने इंडिया ए टीम में चयन पर आयुष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को इससे प्रेरणा मिलेगी और वे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए मेहनत करेंगे।
सीसीपीएल में कप्तानी भी संभाल रहे आयुष
इन दिनों आयुष पाण्डेय सीसीपीएल में बिलासपुर बुल्स की कप्तानी कर रहे हैं। इंडिया ए टीम में चयन के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई है। क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले आयुष प्रदेश के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
‘भारत भाग्य विधाता’; रायपुर स्क्रीनिंग में स्वास्थ्य योद्धाओं को मिला विशेष सम्मान
किसान आय वृद्धि पर जोर, अंकित आनंद ने दिए अहम निर्देश
शौर्य चक्र सम्मान; छत्तीसगढ़ पुलिस के दो अधिकारियों को शौर्य चक्र
