शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने भिड़े दो गुट

  • खुली पुलिस व्यवस्था की पोल

रायपुर। एक ओर राजधानी की सड़कों पर चमचमाती वीवीआईपी गाड़ियों के आगे-पीछे पुलिस की गाडियां सायरन बजाते इधर से उधर दौड़ भाग में लगी है तो दूसरी ओर सबसे व्यस्तम इलाके में जय स्तंभ चौक मे दो गुट में जमकर लाठी-डंडे चले इतना ही नही चाकूबाजी हुई और 9 हजार की लूट भी हो गई।
राजधानी की पुलिस इन दिनों वीवीआईपी और वीआईपी की खिदमत में लगी हुई है। जिससे बदमाशों का हौसला बुलंद हो गया है। कुछ दिन पहले ही आईजी-एसपी कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा था कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कोई आपराधिक घटना न हो। लेकिन लगता है पुलिस विभाग ने मुख्यमंत्री की बात को हल्के में लिया।
आज देर शाम हुई घटना से तो यही लगता है। दरअसल रायपुर शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने हुई आज शाम दो गुटो में जमकर मारपीट हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडे के साथ चाकू भी चलने लगे। मामले की शुरुआत वीआईपी रोड स्थित जूक बार मे दुर्गा कॉलेज की फ्रेशर पार्टी में डांस के दौरान हुए विवाद से हुआ। जिसके बाद सबसे व्यस्ततम कहे जाने वाले जय स्तंभ चौक में घटना गैंगवार में बदल गई।
मौदहापारा थाना इलाके के मयूरा होटल के सामने स्थित खादिम शो रूम के पास दो गुटों में मार पीट हुई। जिसमें कई युवक घायल हुए तो 2 की हालत गंभीर बताई गई है। लाठी डंडों और धारदार हथियारों से लैस अज्ञात हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया गया है लूट के चक्कर मे हुई छीना झपटी के दौरान ही चाकू मारा गया। घटना में 9 हजार की लूट की बात भी कही गई है।
राजधानी में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन हो रहा है। 3 से 5 हजार पुलिस कार्यक्रम से लेकर मेहमानों की सुरक्षा व्यवस्था में लगे है। शहर में चाक चौबंद व्यवस्था की बात कही गई है। फिर ऐसे में इस घटना ने पुलिस की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।