रायपुर, 13 अक्टूबर 2025। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस 2025 में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जनहित के कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” लगभग 9 घंटे तक चली मैराथन बैठक में सुशासन, पारदर्शिता और जन-उत्तरदायित्व पर विस्तृत मंथन हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की हर नीति का अंतिम लक्ष्य जनता तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “रिपोर्टों में नहीं, जमीन पर परिणाम दिखने चाहिए।”

बैठक में धान खरीदी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और मलेरिया नियंत्रण अभियान पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाए ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई संभव हो।

उन्होंने बस्तर के मलेरिया प्रभावित इलाकों में विशेष अभियान चलाने और पंजीयन शिविरों द्वारा पिछड़ी जनजातियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिलों के प्रभारी सचिवों और कमिश्नरों से कहा कि वे नियमित समीक्षा बैठकें करें और जनता के संपर्क में रहें।