रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार शाम छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में राज्य में धान की कस्टम मिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राइल मिलरो को बड़ी सौगात देते हुए कस्टम मिलिंग के प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा की है। जिससे अब राइसमिलर्स को कस्टम मिलिंग के लिए प्रति क्विंटल 40 रुपये के बदले सीधे 120 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि मिलेगी। उन्होंने राइस मिलरों से कहा कि समितियों से धान का उठाव और मिलिंग कार्य में गति लाते हुए चावल जमा करने के कार्य को समयावधि में पूरा कर लिया जाए और बारदानों की आपूर्ति पर राईस मिलर्स भी विशेष ध्यान रखें। बघेल ने बुधवार अपने निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में राइस मिलर एसोसिएशन की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की और उनके निराकरण के लिए दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने के ऐलान पर छत्तीसगढ़ प्रदेश राईस मिलर्स एसोशिएशन ने इसका स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव खाद्य टोपेश्वर वर्मा, मार्कफेड की प्रबंध संचालक किरण कौशल सहित राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश रुंगटा, महासचिव प्रमोद अग्रवाल, सलाहकार सचिव मोहनलाल अग्रवाल, पारस चोपड़ा, रोशन चंद्राकर, दिलीप अग्रवाल सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।