दुर्ग। भिलाई में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त पर फर्जी साइन करके पार्टनरशिप डीड को अपने नाम करने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक रिसाली प्रियदर्शिनी नगर निवासी व्यवसायी जय घोष (61) पिछले 26 सालों से हुड़को में क्लासिक फ्यूल्स के नाम से पेट्रोल पंप का संचालन कर रहा है। उसने शिकायत दर्ज कराई है कि 2018 में बेटी की शादी के लिए रुपये की जरूरत होने से पंप की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने दोस्त शशि रंजन सिंह को दे दी थी। इसके लिए दोनों के बीच 1.70 करोड़ का एग्रीमेंट भी हुआ था। इसके बाद वह बेटी की शादी के लिए केरल चला गया।

लेकिन 10 नवंबर 2019 को जब वह बेटी की शादी से लौटा और पंप पहुंचा तो वहां से उसकी कुर्सी हटा दी गई थी। पता चला कि पेट्रोल पंप की कमाई को देखकर शशि रंजन सिंह के मन में लालच आ गया और उसने बीपीसीएल के अधिकारी के साथ मिलकर फर्जी डीड तैयार की और खुद पेट्रोल पंप का पूर्ण मालिक बन गया

हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से हुआ खुलासा

जय घोष के आवेदन पर भिलाई नगर पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने इकरारनामा में साइन को जांच के लिए हैंड राइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा। जिसमें परीक्षण करने के बाद बताया गया कि दस्तावेज में किए गए हस्ताक्षर फर्जी बनाए गए हैं। जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।