दुर्ग। नगरीय निकाय चुनाव के लिए पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। अब मुकाबले का समय आ गया है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी को चुनावी रण से पहले अपने बागी तेवर वाले नेताओं से निपटना पड़ रहा है। बीजेपी की अंतर्कलह चुनावी समर में इन्हें उतरने ही नहीं दे रही है।

दरअसल बीते दिनों भिलाई के सुपेला गदा चौक के पास भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन था। कार्यक्रम में राजनांदगांव सांसद और भिलाई नगर निगम के चुनाव प्रभारी संतोष पांडेय बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इनके साथ पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन समेत तमाम नेता मौजूद थे।

वरिष्ठ नेताओं के सामने उछाली गई कुर्सियां

कार्यालय के उद्घाटन के बाद सभी नेता और प्रत्याशी चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिए अंदर चले गए। लेकिन चर्चा शुरू होने से पहले ही टिकट ना मिलने से नाराज नादेसन सुमन उन्नी भी तमतमाते हुए अंदर पहुंच गई और हंगामा करते हुए वरिष्ठ नेताओं के सामने ही कुर्सियां उछालने लगी।