बलौदाबाजार-भाटापारा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बलौदाबाजार-भाटापारा की ओर से प्रकाशित स्वरोजगार के बढ़ते कदम पुस्तक का विमोचन किया। उक्त पुस्तक का विमोचन शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में आयोजित शहादत दिवस एवं श्रद्धांजलि समारोह सोनाखान के मुख्य मंच से किया गया।

इस पुस्तक में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार’ के तहत स्वरोजगार को अपनाकर अपनी जिंदगी में बदलाव लाने वाले सफल एवं प्रभावी हितग्राहियों की कहानी है। जो अब सफल उद्यमी बनकर लोगों के लिए प्रेरणा बन गए है।

नई औद्योगिक नीति की जानकारी

पुस्तक में छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति 2019-24 समेत उद्योग विभाग की सारी जानकारी उपलब्ध है। इस पुस्तक का प्रकाशन कलेक्टर सुनील कुमार जैन के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बलौदाबाजार के महाप्रबंधक सत्येंद्र सिंह बघेल के विशेष प्रयासों से किया गया है।

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

पुस्तक विमोचन के अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, शकुंतला साहू, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे।