सड़क विकास निगम बना रहा 229 किलोमीटर सड़क
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम लोगों को खराब सड़कों से राहत देने के लिए सरकार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़कों का जाल बिछा रही है। छत्तीसगढ़ रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 2020 की योजना के तहत सड़कें बनाई जा रही हैं। दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कोरबा के विभिन्न शहरों में सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत करीब 229 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी है। कई इलाकों में कार्य पूरा कर लिया गया है। जबकि कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। सरकार द्वारा स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा मिले प्रस्ताव के आधार पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड से मिली जानकारी के मुताबिक 229 किलोमीटर की सड़क का निर्माण अलग-अलग क्षेत्रों में होना प्रस्तावित है। सरकार इस पर करीब 970 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा अलग-अलग योजनाओं में प्रदेश में करीब 530 करोड़ रुपयों की और सड़कें भी बनाने का प्रस्ताव पिछले दो सालों में सरकार ने पास किया है। कई जगहों पर योजना के तहत सड़कों का निर्माण कार्य पूरा भी कर लिया गया है।
इन योजनाओं पर काम
2020 की योजना के तहत छत्तीसगढ़ रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा दुर्ग-उतई पाटन से अभनपुर तक करीब 48 किलोमीटर की सड़क बनाई जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत 230.29 करोड़ रुपये है। साथ ही परपोड़ी से मरोहत्रा तक 59 करोड़ रुपयों की लागत से 19 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। दुर्ग में ही ननकट्टी से लिटिया तक 20 किलोमीटर की सड़क करीब 61.62 करोड़ रुपयों की लागत से बनाई जा रही है। अटरिया से दनिया तक 10 किलोमीटर सड़क करीब साढ़े 32 करोड़ रुपयों से बनाई जा रही है।
आदिवासी क्षेत्रों में भी बिछ रहा जाल
कोरबा में अमोड़ी-मड़वा से पवनी तक 19 किलोमीटर की सड़क करीब साढ़े 74 करोड़ रुपयों से बनाई जा रही है। कोरबा में कटघोरा से अकलतरा रोड तक 42 किलोमीटर की सड़क करीब 215 करोड़ रुपयों से बनाई जा रही है। कोरबा में मड़वा बरपाली और गिरौदपुरी तक 10 किलोमीटर तक की सड़क करीब 40 करोड़ रुपयों से बनाई जानी है। इसके अलावा जगदलपुर से बैलाडीला तक करीब 37 किलोमीटर की सड़क 167 करोड़ रुपये से बनाई जा रही है। अंबिकापुर में 90 करोड़ रुपये से करीब 24 किलोमीटर की सड़क बनाई जा रही है।
Krishna sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
