रायपुर। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के केसेस बढ़ते जा रहे परन्तु लोगों को ये बात अभी समझ नहीं आ रही हैं। लगातार छत्तीसगढ़ में विदेशों से लोगों कीआवाजाही बरकरार है। इससे नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का संकट गहराता जा रहा है। आपको बता दें कि विदेश से लौटे अब तक 6 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं रविवार को रायगढ़ में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव की जानकारी मिली है। वह हाल ही में कनाडा से लौटा है।

स्वास्थ्य विभाग ने यह नमूना जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजा है। प्रदेश में 27 नवंबर से 18 दिसंबर तक एक हजार से अधिक लोग विदेशों से आ चुके हैं। उनमें से 6 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। बिलासपुर के दो विदेश से लौटे नागरिकों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट भी आ गई है। उनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट की मौजूदगी नहीं मिली है, लेकिन अभी तक चार नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है।

प्रशासन का दावा है कि उन्होंने विदेशों से लौटे लोगों को होम क्वारैंटाइन कर दिया है। उनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की गई है। छत्तीसगढ़ में रविवार को 11 हजार 183 नमूनों की जांच हुई थी। इनमें से 21 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सबसे अधिक 9 मामले रायपुर में सामने आए हैं। उसके बाद रायगढ़ में 5 और दुर्ग जिले में 3 नए मामलों की पुष्टि हुई है। रविवार को कोरोना से किसी मौत की रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

सतर्क रहें सुरक्षित रहें