रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद राजनांदगांव जिले में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए निवेशकों को निवेश की राशि लौटाई जा रही है। इसी क्रम में कुछ और कंपनियों पर हुई कार्यवाही से प्राप्त 1 करोड़ रुपये निवेशकों को शीघ्र लौटाए जाएंगे। बता दे अब तक 11 करोड़ 22 लाख रुपये की राशि जिले को निवेशकों को वापस दिलाई जा चुकी है।

राजनांदगांव कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा चिटफंड कंपनियों पर की जा रही कार्रवाईयों के परिणामस्वरूप अब तक 16 हजार 942 निवेशकों को रकम वापसी के माध्यम से राहत दिलाई जा चुकी है। डोंगरगांव विकासखंड में याल्स्को रियल स्टेट एण्ड एग्रो फार्मिंग लिमिटेड की ग्राम मटिया स्थित सम्पत्ति की नीलामी से प्राप्त राशि तथा अनमोल इंडिया एग्रो हर्बल फार्मिंग और डेयरी केयर लिमिटेड द्वारा जमा कराई गई राशि में से कुल 1 करोड़ रूपये का भुगतान जल्द ही निवेशकों को किया जाएगा। चिटफंड कंपनी शुभ साई इंडिया लिमिटेड की डोंगरगढ़ तहसील के ग्राम घोटिया में भी 10 एकड़ जमीन कुर्क की गई है। जिले में अभियान चलाकर लगातार चिटफण्ड कंपनियों के सम्पत्तियों की कुर्क़ी,नीलामी तथा रक़म वापसी की कार्यवाही की जा रही है ।

राजनांदगांव जिले के निवेशकों का 11 करोड़ 22 लाख वापस

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में राजनांदगांव जिले के चिटफंड कंपनियों के निवेशकों को 2 करोड़ 46 लाख की राशि वापस की थी । यह राशि चिटफंड कंपनियों के कुर्क की गई संपत्ति को नीलाम कर वसूल की गई है। इससे पहले राजनांदगांव में 16796 निवेशकों को 7 करोड़ 32 लाख रुपये वापस किये गए थे।