रायपुर। पैसे दोगुने करने का लालच देकर लोगों का पैसा लेकर रातोंरात गायब हो गई गुरु कृपा इंफ्रा रियल्टी इंडिया नामक चिटफंड कंपनी के तीसरे डायरेक्टर को जशपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के बिजुरी से गिरफ्तार किया है।

बता दे कि इस चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया है। कंपनी को चलाने वाले दो आरोपियों की तलाश की जिसमें एक और गिरफ्तारी हो गई। कंपनी को संचालित करने वाले दो अन्य आरोपी की मौत हो चुकी है।

सैकड़ों लोगों के पैसे लेकर फरार

पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेकेला निवासी देव कुमार यादव पिता पुरनो यादव ने सितंबर 2019 में पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गुरुकृपा इंफ्रा रियल्टी इंडिया लिमिटेड शाखा पत्थलगांव के संचालक गुरुप्रीत सिंह के द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक कार्यालय का संचालन किया जा रहा था। कंपनी में पैसा जमा करने पर रुपया दोगुना होकर मिलेगा, ऐसा कहकर इन्होंने सैकड़ों लोगों से करीब 10 लाख रुपये जमा करवा लिए थे।