• जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की सूचना

रायपुर। दुर्ग जिले के अंतर्गत जिन तीन नगर निगम में चुनाव हुए थे वहां पर महापौर और सभापति का चुनाव नए साल में होगा। नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर और सभापति का चुनाव 6 जनवरी को होगा। इसके लिए नवनिर्वाचित पार्षदों को प्रथम सम्मेलन की सूचना भेज दी गई है। सम्मेलन नगर पालिक निगम भिलाई के सभागार में सुबह 10 बजे से होगा। पीठासीन प्राधिकारी प्रभारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नगर पालिक निगम भिलाई की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम अधिनियम के अधीन नगर पालिक निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण, प्रतिज्ञान, महापौर, अध्यक्ष (स्पीकर) और अपील समिति के सदस्यों का निर्वाचन एक ही दिन होगा।

इसके पहले 3 जनवरी को भिलाई-चरोदा और 5 जनवरी को रिसाली नगर निगम में नवनिर्वाचित पार्षदों का प्रथम सम्मिलन होगा। इसी दिन महापौर और सभापति का चुनाव होगा। इसी तरह जामुल नगर पालिका के नवनिर्वाचित पार्षदों का प्रथम सम्मिलन 7 जनवरी को होगा। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। सभी जगह सम्मिलन का समय सुबह 10 बजे हैं।

ये भी पढ़ें: महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष चुनाव हेतु कांग्रेस ने नियुक्त किये पर्यवेक्षक

पार्षदों का प्रथम सम्मेलन

  • 3 जनवरी भिलाई तीन चरोदा निगम
  • 5 जनवरी रिसाली नगर निगम
  • 6 जनवरी भिलाई नगर निगम
  • 7 जनवरी जामुल नगर पालिका

ये हैं दावेदार

भिलाईनगर के 70 में 37 पार्षद कांग्रेस के चुनकर आए हैं। यानि कांग्रेस को शहर सरकार बनाने का स्पष्ट जनादेश मिल चुका है। अब निर्वाचित पार्षदों में से महापौर का चुनाव होना है। दावेदारों में सबसे टॉप पर वार्ड 70 हुडको से तीसरी बार निर्वाचित सीजू एंथोनी, नीरज पाल, एकांश बंछोर, सुभद्रा सिंह, लक्ष्मीपति राजू, आदित्य सिंह और संदीप निरंकारी इसके अलावा रीता सिंह गेरा, मन्नान गफ्फार, केशव चौबे और साकेत चंद्राकर के नाम हैं। भिलाई-चरोदा में मेयर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। भारती राम सूर्यवंशी, ललित दुर्गा और निर्मल कोसरे में से किसी एक के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद है। सभापति के लिए संतोष तिवारी, सीनियर पार्षद कृष्णा चंद्राकर, एस वेंकट रमना, मोहन साहू का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। रिसाली में डॉ. सीमा साहू का नाम सबसे आगे हैं।