बलौदाबाजर। देशी शराब दुकान में काम कर चुके व्यक्ति ने अपने घर में ही नकली शराब की फैक्ट्री खोल ली और आबकारी विभाग के जैसे ही हूबहू पैकिंग कर बेचने भी लगा था। पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ कर 350 पव्वा देशी शराब बरामद किया है।
काफी समय से नकली शराब बेचने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा ने थाना प्रभारी कसडोल आशीष राजपूत, थाना प्रभारी पलारी प्रमोद सिंह एवं चौकी प्रभारी लवन बी.के.सोम के उनके नेतृत्व में टीम बनाकर उक्त शिकायत की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद आज 29 दिसंबर को लवन चौकी इलाके के ग्राम कुम्हारी मे भरत सिंह ठाकुर के घर छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस ने जब घर में प्रवेश किया तो नकली शराब बनाने की फैक्ट्री देख दंग रह गई। शराब की पैकिंग लेबल, बिल्कुल राज्य की शराब दुकानों में बिकने वाली शराब की हूबहू नकल थी। नकली शराब की पैकिंग होने पश्चात इसे एक बार में पहचानना बहुत मुश्किल है।
पुलिस ने घर के मालिक भारत ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया वह पहले देसी शराब भट्टी रोहांसी और लवन में काम करता था। जिस कारण उसे शराब के विक्रय, लेबल आदि के संबंध में पूरी जानकारी थी। 2 साल पहले उसकी मुलाकात नागपुर में निवासरत उमेश कुमार नामक व्यक्ति से हुई। उमेश कुमार पहले से ही नागपुर में नकली शराब बनाने का अवैध कार्य कर रहा है। उमेश कुमार के माध्यम से भरत ठाकुर ने शराब पैकिंग के लिए नकली होलोग्राम वाला ढक्कन, स्टीकर एवं सॉल्वेंट लेकर ग्राम कुम्हारी आया। जिसके बाद उसने नकली शराब बनाने का काम शुरू किया और 2 साल से धड़ल्ले से बेच रहा था।
उक्त कार्रवाई में पुलिस ने 350 पव्वा देसी मदिरा मसाला का लेबल लगा हुआ शराब 63 बल्क लीटर कीमती ₹31,500 एक बोरी में 112 नग खाली शीशी ,एक बोरी में आधा भरी हुई पीले रंग का ढक्कन,एक थैली में 60 नग नीले रंग का ढक्कन, चार पैकेट नकली होलोग्राम का पैकेट, एक नीले रंग की 200 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक ड्रम में 200 लीटर सॉल्वेंट, एक इको वाहन क्र. CG 22 U 3127, एक मोबाइल बरामद किया। धारा 34(2), 36,59(क) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर मामले दर्ज कर आरोपी भरत ठाकुर पिता गोटीलाल ठाकुर उम्र 38 साल निवासी ग्राम कुम्हारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी भरत को सॉल्वेंट नकली होलोग्राम वाले ढक्कन एवं स्टीकर उपलब्ध कराने वाला नागपुर निवासी उमेश की गिरफ्तारी शेष है।