•मुख्यमंत्री ने दो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार शाम राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय परिसर से सभी सुविधाओं एवं उपकरणों से सुसज्जित दो नग एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों एम्बुलेंस में से एक एम्बुलेंस उपाध्याय हॉस्पिटल रायपुर तथा एक एम्बुलेंस उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भानुप्रतापपुर को प्रदाय किए गए हैं।

मुख्यमंत्री बघेल ने गोयल गु्रप ऑफ इंडस्ट्रीज के द्वारा प्रदत्त सहयोग की सराहना की और कहा कि यह एक पुनीत कार्य है। इससे शासन के साथ सहयोग के लिए अन्य सामाजिक संगठन भी प्रेरित होकर आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि बचाव ही सुरक्षा है। कोरोना महामारी की तीसरी लहर को लेकर उन्होंने कहा कि कोविड अनुकूल व्यवहार का कड़ाई से पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोरोना एक बार फिर नये रूप में तेजी से फैलने लगा है। यदि हम सब मिलकर इसके शुरूआती दौर में ही रोकथाम नहीं करेंगे तो इस बीमारी का फैलाव और कई गुना बढ़ जाएगा। इसलिए जरूरी है कि हम तुरंत सुरक्षा मानकों, सावधानी और अन्य जरूरी सभी उपायों का उपयोग शुरू कर दे।