राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे ट्रैफिक मैन महेश मिश्रा

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एकमात्र नायक महेश मिश्रा को 15 अगस्त 2025 को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों उन्हें यह पदक मिलेगा। साथ ही उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

ट्रैफिक जागरुकता में दिया अनमोल योगदान

महेश मिश्रा पिछले 18 वर्षों से ट्रैफिक सेवा में कार्यरत हैं और ट्रैफिक मैन के नाम से प्रसिद्ध हैं। उन्होंने स्वयं के खर्च पर 500 से अधिक ट्रैफिक कैंप आयोजित कर करीब 4 लाख लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी है।

वे स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर ट्रैफिक नियमों को समझाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। साथ ही उन्होंने सड़क सुधार, वाहन चालकों को चश्मा वितरण जैसे कई सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी निभाई है।

तीन विषयों में गोल्ड मेडल, अब पीएचडी स्कॉलर

महेश मिश्रा न सिर्फ एक कर्मठ अधिकारी हैं बल्कि एक शिक्षित उदाहरण भी हैं। वे संस्कृत, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर गोल्ड मेडलिस्ट हैं। वर्तमान में वह “कोरिया जिले में ट्रैफिक नियमों की जागरुकता” विषय पर पीएचडी कर रहे हैं।

2022 में उनका नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में भी दर्ज हुआ था, जो उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय मान्यता देता है।

यह मेरा नहीं, जिले का सम्मान – मिश्रा

महेश मिश्रा ने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ उनका नहीं बल्कि जिले और नगर सेना के हर सदस्य का है। उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और जिले की जनता को इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने आगे भी पूरे जोश और निष्ठा से ट्रैफिक जागरुकता अभियान चलाने का संकल्प लिया है।