रायपुर शहर में बीते दिनों लगातार हो रही फ्लैट चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है।
शहर के आमानाका, कबीर नगर और न्यू राजेंद्र नगर इलाकों में सक्रिय दो अंतर्राज्यीय चोरों को
अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में 6 लाख 20 हजार रुपये से अधिक का चोरी का सामान जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं –
विनोद सन्नी गौर उम्र 22 वर्ष
रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख उम्र 20 वर्ष
दोनों आरोपी महाराष्ट्र राज्य के निवासी हैं और रायपुर आकर यहां के अलग-अलग फ्लैटों को
निशाना बनाकर ताले तोड़ते थे और बहुमूल्य सामान चुराकर फरार हो जाते थे।

इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब पगाटिका कलवा नामक महिला ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई,
जिसमें उनके फ्लैट से सोने और चांदी के जेवर चोरी होने की बात सामने आई।
इसके बाद लोकनाथ देवांगन और भावना यदु ने भी अलग-अलग थानों में चोरी की शिकायत दी।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के अधिकारियों और स्थानीय थाने की टीम ने
CCTV फुटेज, तकनीकी सुराग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर
आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें अंबिकापुर से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से 36 ग्राम सोने के गहने, 843 ग्राम चांदी के आभूषण,
9 महंगी घड़ियाँ, 1 आईफोन और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

तीनों थाना क्षेत्रों में आरोपियों के खिलाफ
धारा 331(3) और 305(ए) बी.एन.एस. के तहत
अलग-अलग अपराध क्रमांक दर्ज किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि सभी चोरियों की तरीक़ा-ए-वारदात एक जैसी थी,
जो इनके योजनाबद्ध तरीके से चोरी करने की मंशा को दर्शाता है।

इस सफलता में निरीक्षक सुधांशु बघेल, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय,
सउनि प्रेमराज बारिक, आरक्षक विजय पटेल, दीपक बघेल,
मार्तंड सिंह, बसंती मौर्य, टीकम साहू, राकेश पांडेय, अभिषेक सिंह,
श्याम थावरे, प्राणेश्वर वर्मा, विपिन शर्मा, दीपक सिंह ठाकुर और मोसिन खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।