छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई से बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने 241 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन बनने से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित पूरे अंचल को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि अटल विश्वास पत्र में किए गए सभी वादों को सरकार पूरा करेगी। इसी अवसर पर उन्होंने भिलाई नगर पालिक निगम के नए कार्यालय भवन के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सरकार नगरीय सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कदम बढ़ा रही है। सुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। इस विभाग से राज्यभर में प्रशासन अधिक डिजिटल और जवाबदेह बन रहा है, जिससे नागरिकों को त्वरित सुविधाएं मिल रही हैं।
सीएम साय ने कहा कि अभी तक 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित हो चुके हैं। आने वाले छह महीनों में पांच हजार और पंचायतों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। आगामी पंचायती राज दिवस, 24 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने किसानों की आर्थिक उन्नति पर भी बात रखी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान भी सुनिश्चित किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना लागू की गई है। इस योजना से महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 70 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा रही हैं।
भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना संचालित की जा रही है। इस योजना से मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिल रही है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रामलला दर्शन योजना भी संचालित है। इस योजना के तहत अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या यात्रा कर चुके हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने भिलाई की जनता से कहा कि आने वाले समय में और भी बड़े विकास कार्य शुरू होंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार छत्तीसगढ़ को प्रगति और समृद्धि के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
