राजस्थान में इस समय बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। सवाई माधोपुर में सुरवाल बांध के ओवरफ्लो होने से रविवार को जमीन धंस गई। यह घटना जड़ावता गांव के पास हुई, जहां करीब 2 किलोमीटर लंबी खाई बन गई है। खाई की चौड़ाई 100 फीट और गहराई 50 फीट से अधिक है। पानी खेतों और आसपास के इलाकों से होकर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

धंसने वाली जमीन कृषि योग्य क्षेत्र में आती है। इसके कारण दो घर, दो दुकान और दो मंदिर धराशायी हो गए हैं। लगातार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए सेना और अन्य राहत बलों को तैनात किया है। आस-पास के घर खाली कराए जा चुके हैं।

स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री करोड़ी लाल मीणा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को पानी की दिशा बदलने के लिए मशीनों का उपयोग करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी का कटाव रोकना अब मुश्किल हो गया है।

राजस्थान के अन्य जिलों जैसे कोटा, बूंदी और झालावाड़ में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कोटा के हरिजी का निमोदा गांव समेत दीगोद उपखंड में 400 से अधिक मकान पूरी तरह से ढह गए हैं। कई गांव जलमग्न हैं और कई इलाकों की सड़कें कट गई हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन, सेना और राहत बल प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में पूरी तरह सक्रिय हैं।