छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को नक्सल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में अरनपुर आईईडी ब्लास्ट केस से जुड़े 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह मामला 26 अप्रैल 2023 को हुए भीषण नक्सली हमले से संबंधित है, जिसमें दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने डीआरजी बल के जवानों को निशाना बनाया था। इस हमले में 10 जवान और एक वाहन चालक वीरगति को प्राप्त हुए थे।

एनआईए के अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, नकदी और माओवादी संगठन की गतिविधियों से जुड़ी सामग्री जब्त की गई है। एजेंसी का कहना है कि इन सामग्रियों से माओवादी फंडिंग और नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि जिन व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, उनके संबंध दरभा डिवीजन कमेटी के सक्रिय माओवादी सदस्यों से हैं। अब तक इस केस में 27 आरोपियों की गिरफ्तारी और दो चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं।

एनआईए का मानना है कि हालिया छापेमारी से मिले दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य नक्सल संगठनों की रणनीति और नेटवर्क को और अधिक उजागर करेंगे। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और आगे और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।