छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित चकरभाठा बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के विकास को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए आवश्यक 290 एकड़ भूमि अधिग्रहण हेतु 50 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि रक्षा मंत्रालय से संबंधित विभाग में जमा कर दी गई है। भूमि से जुड़ी प्रक्रिया अब लगभग पूर्ण होने वाली है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र गति पकड़ने वाला है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। नए एयरपोर्ट के निर्माण और पुराने हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण से आम लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुलभ हवाई सेवाएं मिल रही हैं। बिलासा एयरपोर्ट का विस्तार भी इसी विकास यात्रा का अहम हिस्सा है।

रनवे विस्तार के बाद बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी। राजनीतिक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों और गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का विरोध कांग्रेस की आदत रही है, जबकि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।