छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद सत्यापन प्रक्रिया को तेज कर दिया है। हालिया समीक्षा में जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों से कुल 12,339 मतदाताओं को संदिग्ध श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें अब अपनी पहचान और पात्रता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
इन मतदाताओं को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) द्वारा औपचारिक नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुनवाई में भाग लेना अनिवार्य होगा, ताकि उनका नाम निर्वाचक नामावली में बना रह सके।
जानकारी के अनुसार, ये सभी मतदाता सर्वेक्षण के दौरान “नो-मैपिंग” श्रेणी में पाए गए थे। इनके परिवार के सदस्यों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं मिला है। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो साजा क्षेत्र में 2,808, बेमेतरा में 3,715 और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,816 मतदाता इस प्रक्रिया के दायरे में आए हैं, जिन्होंने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं।
गौरतलब है कि बेमेतरा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,01,756 मतदाता पंजीकृत थे। बीएलओ द्वारा कराए गए घर-घर सर्वेक्षण और मतदाताओं से प्राप्त गणना पत्रकों के सत्यापन के बाद 7,16,635 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। शेष मतदाताओं की स्थिति दस्तावेजी जांच और सुनवाई के बाद तय की जाएगी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
