छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026 को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। इसी कड़ी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

सुव्यवस्थित और दिव्य आयोजन के निर्देश

मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम में 1 से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक धार्मिक मेला पूरी गरिमा, स्वच्छता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 फरवरी से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से तैयार होनी चाहिए।

सुरक्षा से लेकर यातायात तक व्यापक योजना

समीक्षा बैठक में संगम स्नान व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, स्वच्छता प्रबंधन, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, यातायात नियंत्रण, सड़क सुधार, पार्किंग सुविधा और शटल सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही संत-महात्माओं के लिए विश्राम स्थल, कांवड़ यात्रियों हेतु शेड, चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, दाल-भात केंद्र और मीना बाजार की व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे विशेष आकर्षण

राजिम कुंभ 2026 के दौरान भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

कलेक्टर ने रखी प्रगति रिपोर्ट

गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की। मंत्री ने कार्यों में तेजी लाने और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, इंदर साहू, धर्मस्व विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।