बिलासपुर, 18 जनवरी 2026। राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट और हत्या जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने निर्णायक प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत तीन आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक चालकों की गतिविधियों पर नजर रखकर सुनसान इलाकों में वारदात को अंजाम देते थे। अगस्त 2025 में कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटित लूटपाट की घटना के दौरान ट्रक चालक के हेल्पर पारस केंवट की धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस गंभीर प्रकरण को पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।

ए.सी.सी.यू. बिलासपुर (सायबर सेल) और थाना कोनी की संयुक्त टीम ने घटना स्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की गई, जिसमें जय दिवाकर, सूरज साहू और प्रदीप धुरी ने न केवल कोनी बल्कि हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र में भी लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे के धारदार चाकू, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस सफल अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।