छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेश के गोद लिए गए ग्रामों में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बेमेतरा जिले के ग्राम टेमरी, गरियाबंद जिले के ग्राम बिजली और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सोनपुरी में मार्च 2026 तक योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का लक्ष्य तय किया है।
इस संबंध में राज्यपाल ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और गोद ग्रामों के सरपंचों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, जैविक कृषि और ग्रामीण आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समग्र विकास पर विशेष चर्चा की गई।
राज्यपाल श्री डेका ने निर्देश दिए कि गोद ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर आयुष्मान हेल्थ कार्ड तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जाएं। साथ ही टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026 तक टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कैंसर, विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर की जांच, स्कूली बच्चों के लिए परीक्षा पूर्व नेत्र परीक्षण शिविर तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए मोतियाबिंद जांच शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता अभियानों में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ लाइवलीहुड मिशन के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ा जाना चाहिए।
सरपंचों से संवाद के दौरान राज्यपाल ने ग्राम बिजली में मुक्तिधाम निर्माण के लिए अपने स्वेच्छानुदान मद से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम सोनपुरी में स्कूली बच्चों की लाइब्रेरी के लिए लोकभवन की ओर से पुस्तकें उपलब्ध कराने और ग्राम टेमरी में सामुदायिक भवन एवं ओपन जिम के लिए सीएसआर मद से राशि उपलब्ध कराने की बात कही।
राज्यपाल श्री डेका ने जिला स्तर के अधिकारियों को गोद ग्रामों का नियमित निरीक्षण करने, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, स्वास्थ्य सेवा संचालक श्री संजीव कुमार झा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव श्री एस. आलोक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
