लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई कथित ‘डील’ को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समझौता देशहित में नहीं बल्कि एक ऐसी ‘ढील’ है, जिसका सीधा असर किसानों, बाजार और आम जनता पर पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार फ्री ट्रेड डील का ढिंढोरा पीटती रही है, लेकिन अब यह स्पष्ट नहीं है कि इन समझौतों से देश को वास्तविक लाभ क्या मिला। उन्होंने पूछा कि अगर यही डील करनी थी तो बजट से पहले क्यों नहीं की गई और बजट पहले बना या डील—इस पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। यादव ने चिंता जताई कि इस समझौते के बाद रुपये की स्थिति और घरेलू उद्योगों का भविष्य क्या होगा।
बजट को दिशाहीन करार देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इसमें गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब इतने बड़े बजट पेश किए जा रहे हैं, तब भी प्रति व्यक्ति आय क्यों नहीं बढ़ रही। फ्री राशन योजना का हवाला देते हुए उन्होंने लाभार्थियों की वास्तविक आय सार्वजनिक करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश के लिए बजट में किसी विशेष योजना के अभाव पर अखिलेश यादव ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री यूपी से होने के बावजूद राज्य को कोई बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं मिला। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने दोहराया कि आय दोगुनी करने का वादा आज भी अधूरा है और एमएसपी की कानूनी गारंटी अब तक नहीं दी गई है।
