छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की प्रेरक पहल के तहत आम नागरिकों को शासन की कार्यप्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर स्थित लोकभवन में नियमित भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बेमेतरा जिले के गोद ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक लोकभवन का शैक्षणिक दौरा किया।

सरपंच श्री शिवमूर्ति कोसले एवं विहान स्व-सहायता समूह की प्रमुख सुश्री गीता बंजारे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को लोकभवन परिसर के प्रमुख स्थलों—छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं और सुसज्जित उद्यानों—की विस्तार से जानकारी दी गई।

ग्रामीणों ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में उपयोग की गई ऐतिहासिक तोप को भी देखा, जिसने सभी में देशभक्ति और जिज्ञासा का भाव जगाया। भ्रमण के बाद ग्रामीणों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताया।

उल्लेखनीय है कि टेमरी ग्राम को राज्यपाल द्वारा गोद लेकर उसके सर्वांगीण विकास की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल शासन और समाज के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।