पावन पर्व रामनवमी के शुभ अवसर पर दर्शकों को एक खास सरप्राइज मिला है। बहुप्रतीक्षित फिल्म वाल्मीकि रामायण का पहला लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है।
जारी किए गए पोस्टर में भगवान राम के चरणों की झलक दिखाई गई है, जो आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। यह दृश्य दर्शाता है कि फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं बल्कि भावनाओं और भारतीय संस्कृति की गहराई को भी दर्शाएगी।
इस भव्य प्रोजेक्ट का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भावना तलवार कर रही हैं। पोस्टर के साथ लिखा गया भावपूर्ण संदेश—“जब तक पहाड़ खड़े रहेंगे और नदियां बहती रहेंगी, रामायण जिंदा रहेगी”—फिल्म के सार को खूबसूरती से बयां करता है।
रिलीज डेट की बात करें तो ‘वाल्मीकि रामायण’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की तकनीकी टीम भी बेहद मजबूत है। ‘बाहुबली’ जैसी भव्य फिल्म से जुड़े प्रोडक्शन डिजाइनर बाहुबली के क्रिएटिव मास्टरमाइंड साबु सिरिल इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
इसके अलावा, शानदार विजुअल्स के लिए सिनेमैटोग्राफर बिनोद प्रधान और बेहतरीन साउंड क्वालिटी के लिए ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी जुड़े हुए हैं। वहीं, कहानी को जीवंत बनाने के लिए आनंद नीलकंठन और चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मिलकर इसे लिखा है।
फर्स्ट लुक से साफ है कि यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथा को आधुनिक सिनेमाई तकनीक के साथ पेश करेगी। मेकर्स का उद्देश्य दर्शकों को एक ऐसी कहानी से जोड़ना है, जो न सिर्फ मनोरंजन दे बल्कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों को भी दर्शाए।
‘वाल्मीकि रामायण’ का यह पहला पोस्टर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा चुका है। अब सभी की निगाहें इस भव्य फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं, जो बड़े पर्दे पर एक यादगार अनुभव देने का वादा करती है।
