छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार में चल रहे ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर एक और बैठक के बाद फिर अल्प विराम लग गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के साथ तीन घंटे तक राहुल गांधी के साथ बैठक की। इसके बाद पुनिया ने कहा कि प्रदेश में सीएम बदले जाने पर कोई बात नहीं हुई। आने वाले चुनाव में सभी संभाग की राजनीतिक स्थिति क्या रहेगी इस पर चर्चा हुई।

पूरे प्रदेश की नजरें दिल्ली की जिस मीटिंग पर लगी हुई थी। बैठक में राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश के प्रभारी महासचिव पीएल पुनिया से लंबी चर्चा की। कहा तो यह जा रहा था कि इस बैठक में प्रदेश में मुख्यमंत्री को लेकर जो ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला दिया गया था, उस पर कोई निर्णायक बात होगी। सभी को बैठक खत्म होने का इंतजार था, लेकिन जब तीनों नेताओं ने मीडिया से बात की तो उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा ही नहीं होना कह दिया। भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास पर बात हुई। पीएल पुनिया बोले नेतृत्व परिवर्तन पर कोई बात नहीं हुई और टीएस ने कहा कृषि की स्थिति और प्रदेश में अकाल की जो आशंका है उस पर चर्चा हुई

उत्तर प्रदेश के चुनाव पर भी चर्चा

राहुल गांधी ने इस बैठक में भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव से उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनावों पर भी चर्चा की है। कहा जा रहा है कि इस चुनाव में इन दोनों नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी देने की भी बात हुई है। दोनों ही नेताओं ने राहुल को किसी भी तरह की मदद करने का वादा किया है।
इसके बाद ही राहुल गांधी ने दोनों नेताओं को बुलाकर आमने-सामने बात करने का फैसला किया।