रायपुर, 31 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यरत रेडियो संगवारी टीम ने आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान टीम ने अपने विजन, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। रेडियो संगवारी के संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि उनकी पहल का मुख्य लक्ष्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक माध्यमों के जरिए युवा पीढ़ी तक पहुँचाना है। इसके लिए विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों और प्रसारण योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
राज्यपाल ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत देश की महत्वपूर्ण धरोहरों में से एक है। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण प्रयास समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और परंपराओं को संरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने रेडियो संगवारी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया और भविष्य में इस पहल के विस्तार की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर टीम के सदस्य डॉ. हेमंत सिरमौर, श्रीया सिरमौर, शिवनंदन सरोज और तिलका साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
