छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करीब 16 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से पांच अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस फैसले से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में आवागमन आसान होगा।

इन परियोजनाओं के तहत तिरसोठ से सत्तिपारा आंगनबाड़ी भवन होते हुए बटूराबहार गांधी चौक तक सड़क निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये, बेल्डेगी के नवापारा से चंद्रपुर मार्ग के लिए 2.98 करोड़ रुपये और एनएच-43 से छुरीपहरी चौराअम्मा मार्ग के लिए 2.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा खुटगांव से घोघरजोर तक पहुंच मार्ग के लिए 4.52 करोड़ रुपये तथा दूदूगजोर से पालीडीह तक सड़क निर्माण के लिए 4.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं से दूर-दराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर उत्साह है और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि जशपुर जिले में सड़क निर्माण के लिए अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी जा चुकी है। इससे क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।