पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में वोटिंग के साथ ही राज्य का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। इस बार चुनावी मैदान में आम मतदाताओं के साथ-साथ फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने माहौल को और भी रोचक बना दिया है।
अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती ने सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला। वह आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े नजर आए। मतदान के बाद उन्होंने लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में मतदाता मतदान के लिए निकल रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है।
इस चरण के मतदान में कई चर्चित चेहरे सिर्फ वोट डालने ही नहीं, बल्कि चुनावी मैदान में भी सक्रिय हैं। ‘महाभारत’ में द्रौपदी की भूमिका से प्रसिद्ध रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रही हैं।
वहीं सायंतिका बनर्जी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर बारानगर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा रुद्रनील घोष शिबपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
फिल्म निर्माता और निर्देशक राज चक्रवर्ती भी बैरकपुर सीट से TMC के उम्मीदवार हैं, जबकि जून मालिया एक बार फिर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं।
इनके अलावा सोहम चक्रवर्ती, पापिया अधिकारी और हिरण्मय चट्टोपाध्याय जैसे चेहरे भी चुनावी रण में शामिल हैं।
मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में जुटा है। अब सभी की निगाहें 4 मई 2026 पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम घोषित होंगे और इन उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होगा।
