छत्तीसगढ़ के Korba जिले में स्थित बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मारुति क्लीन कोल पावर प्लांट के 300 मेगावाट यूनिट के ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और प्लांट का बिजली उत्पादन तत्काल बंद करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि रात करीब 1:45 बजे ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्रों में भी इसकी आवाज सुनी गई। कुछ ही मिनटों में ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
चाकाबूड़ा स्थित एसीबी प्लांट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है।
इस दुर्घटना के चलते 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्लांट में एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर मौजूद है और मरम्मत कार्य के बाद जल्द ही उत्पादन बहाल करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे कर्मचारियों की संख्या कम थी और कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द सामान्य संचालन बहाल करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

