छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में स्थानीय वन संसाधनों के उपयोग को लेकर एक अभिनव प्रयोग सामने आया है। दंतेवाड़ा जिले के बचेली निवासी युवा उद्यमी विशाल हालदार ने छिंद के बीजों से कैफीन मुक्त हर्बल कॉफी विकसित कर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के वैकल्पिक उपयोग की नई संभावना प्रस्तुत की है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य आधारित उपभोक्ता उत्पादों की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय उद्यमिता को भी प्रोत्साहन दे सकती है।
विशाल हालदार ने बीकॉम और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की शिक्षा प्राप्त करने के बाद स्थानीय संसाधनों पर आधारित उत्पाद विकास की दिशा में कार्य प्रारंभ किया। लगभग दो वर्षों तक उन्होंने छिंद बीजों के गुणों और उपयोगिता पर शोध एवं परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल अध्ययन, खाद्य प्रसंस्करण की जानकारी और स्थानीय पारंपरिक अनुभवों का उपयोग करते हुए हर्बल कॉफी तैयार की।
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक स्तर पर कैफीन मुक्त और प्राकृतिक पेय पदार्थों की मांग लगातार बढ़ रही है। विशाल द्वारा विकसित उत्पाद इसी श्रेणी में एक संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इस हर्बल कॉफी में प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं, जबकि इसमें कैफीन की अनुपस्थिति इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के लिए उपयुक्त बना सकती है।
इस नवाचार को तब व्यापक पहचान मिली जब शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इनोवेशन महाकुंभ में इसका प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्पाद का परीक्षण किया। इस नवाचार को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा सम्मानित किया गया।
विशाल हालदार दंतेवाड़ा जिला प्रशासन के यूथ अप फाउंडेशन के साथ मिलकर स्थानीय युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। उनका उद्देश्य छिंद बीजों के संग्रहण और प्रसंस्करण के माध्यम से ग्रामीण समुदायों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर तैयार करना है। इससे वन आधारित अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
हालांकि यह उत्पाद अभी परीक्षण चरण में है और इसका व्यावसायिक लॉन्च शेष है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन और विपणन की उचित रणनीति तैयार की जाए, तो यह नवाचार बस्तर को प्राकृतिक स्वास्थ्य उत्पादों के नए केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है।

