Cannes 2026: वायरल वीडियो में आलिया भट्ट दिखीं, ऐश्वर्या राय की गैरमौजूदगी से सोशल मीडिया पर मचा बवाल

कान फिल्म फेस्टिवल 2026 शुरू होने से पहले ही बॉलीवुड की दो बड़ी अभिनेत्रियां चर्चा का केंद्र बन गई हैं। सोशल मीडिया पर एक इंटरनेशनल ब्यूटी ब्रांड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आलिया भट्ट का पोस्टर तो साफ नजर आ रहा है, लेकिन वर्षों से इस ब्रांड का चेहरा रहीं ऐश्वर्या राय बच्चन कहीं दिखाई नहीं दे रहीं। यही बात अब फैंस के बीच बहस और नाराजगी की वजह बन गई है।

दरअसल, ऐश्वर्या राय साल 2004 से इस ग्लोबल ब्रांड की एंबेसडर रही हैं और कान फिल्म फेस्टिवल में उनका लुक हर साल सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। रेड कार्पेट पर उनकी मौजूदगी को फैंस ‘कान की शान’ तक कह चुके हैं। ऐसे में जब वायरल वीडियो में आलिया भट्ट को प्रमुखता मिली और ऐश्वर्या का कोई जिक्र तक नहीं हुआ, तो इंटरनेट पर लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

वीडियो में फ्रांस के मशहूर मार्टिनेज होटल की झलक दिखाई गई, जहां दुनियाभर की महिला सितारों के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए थे। आलिया भट्ट का पोस्टर भी वहां मौजूद था, लेकिन ऐश्वर्या राय की अनुपस्थिति ने फैंस को चौंका दिया। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि नए चेहरों का स्वागत है, लेकिन ऐश्वर्या राय की जगह कोई नहीं ले सकता। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि भारतीय दर्शकों के बीच इस ब्रांड को लोकप्रिय बनाने में ऐश्वर्या का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

सोशल मीडिया पर फैंस लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि क्या इस बार कान फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय शामिल नहीं होंगी? वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि आलिया भट्ट को अब इंटरनेशनल लेवल पर नई पहचान देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अभी तक ब्रांड या ऐश्वर्या राय की टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हर साल अपने स्टाइल, गाउन और ग्लैमरस अंदाज से सुर्खियां बटोरने वाली ऐश्वर्या राय को लेकर इस बार भी फैंस बेहद उत्साहित हैं। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या कान 2026 के रेड कार्पेट पर ऐश्वर्या फिर अपना जादू चलाएंगी या इस बार पूरा फोकस आलिया भट्ट पर रहने वाला है।