छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग की ओर से राज्य के पेंशनरों के पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित ऑनलाइन पेंशन मैनेजमेंट सिस्टम ‘आभार आपकी सेवाओं का‘ को राष्ट्रीय स्तर पर एलेट्स एनोवेशन अवार्ड (Elets Innovations Award) से सम्मानित किया गया है। एलेट्स टैक्नोमीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ‘ई-गवर्नेंस इनिशिएटिव फॉर गवर्नमेंट सर्विस डिलिवरी‘ श्रेणी में यह अवार्ड दिया गया है।
नई दिल्ली में वर्चुअली आयोजित इस कार्यक्रम में एलेट्स टैक्नोमीडिया प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक, सीईओ और एडीटर इन चीफ डी. रवि गुप्ता द्वारा संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन छत्तीसगढ़, रायपुर नीलकंठ टीकाम (आईएएस) को वर्चुअली अवार्ड दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस उपलब्धि के लिए वित्त विभाग और कोष, लेखा एवं पेंशन संचालनालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।
सिंगल विंडो सिस्टम
बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य के पेंशनरों के पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए मई 2018 से राज्य में ‘आभार आपकी सेवाओं का‘ ऑनलाईन पेंशन मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है। यह एक सिंगल विन्डो सिस्टम के रूप में ई-गर्वनेंस की अवधारणा के अंतर्गत पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाते हैं दस्तावेज
इस व्यवस्था के तहत पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज (सेवा पुस्तिका को छोड़कर) ऑनलाईन प्रस्तुत किये जाते हैं। साथ ही डिजिटल हस्ताक्षर युक्त पी.पी.ओ/जी.पी.ओ./सी.पी.ओ जारी किये जाते हैं।
भौतिक उपस्थिति जरूरी नहीं
बैंको को पेंशन भुगतान के लिए भी सभी दस्तावेज कोषालयों द्वारा ऑनलाईन बैंक को प्रेषित किये जाते हैं। इस व्यवस्था के लागू होने के फलस्वरूप प्रथम पेंशन भुगतान के लिए पेंशनरों की भौतिक उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।
ऑनलाइन शिकायत हो सकती है दर्ज
पेंशनरों को पेंशन संबंधी जानकारी प्रदाय करने की दृष्टि से ‘आभार आपकी सेवाओं का’ पोर्टल पर ‘पेंशनर लॉग इन कार्नर’ की सुविधा उपलब्ध है। जिसके जरिए प्रकरण की स्थिति की जानकारी ली जा सकती है। साथ ही पेंशन संबंधी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है।
27 हजार से ज्यादा पेंशनर लाभान्वित
पेंशनर के लिए ई-कोष लाईट ऐप में पेंशनर कॉर्नर विकसित किया गया है। जिसके जरिए पी.पी.ओ/जी.पी.ओ./सी.पी.ओ. और परिचय पत्र की डिजिटल प्रति डॉउनलोड करने की सुविधा पेंशनरों को दी की गई है। साथ ही पेंशनर को पेंशन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी ‘एसएमएस‘ के के जरिए पहुंचाई जा रही है। आभार लागू होने से अब तक कुल 27 हजार 231 पेंशनरों को इस व्यवस्था का फायदा मिल चुका है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
