छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में जशपुर पुलिस की ओर से शुरू किए गए जशपुर हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल के तहत बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं।
इस व्यवस्था के माध्यम से जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में जनहितकारी कदम बताया।
जरूरतमंद दोपहिया चालकों को अस्थायी रूप से मिलेंगे हेलमेट
जशपुर हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी जरूरी काम से अचानक बाहर निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट नहीं है, वे यहां से कुछ समय के लिए हेलमेट ले सकेंगे। अपना काम पूरा करने के बाद उन्हें हेलमेट वापस बैंक में जमा करना होगा।
इस सुविधा से उन लोगों को भी मदद मिलेगी, जो तत्काल हेलमेट खरीदने में सक्षम नहीं हैं। हेलमेट लौटाने के साथ नागरिकों को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।
सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहनों में सफर करते समय सीट बेल्ट लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से कई बार लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है। इसलिए हर नागरिक को सुरक्षित यात्रा की आदत अपनानी चाहिए।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान
जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत ऐसे वाहन चालकों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर वाहन बिना चालान काटे छोड़ा जा रहा है।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना है। जशपुर हेलमेट बैंक भी इसी जागरूकता अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए जरूरतमंद नागरिकों को व्यावहारिक सहायता दी जा रही है।
‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ का संदेश
जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जशपुर हेलमेट बैंक जिले में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित आवागमन की संस्कृति विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।