मुंद्रा बंदरगाह पर मिली ड्रग्स की उच्च स्तरीय जांच चाहती है कांग्रेस
रायपुर। कांग्रेस ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर हाल ही में मिले ड्रग्स के बड़े कंसाइनमेंट मामले में केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह दुनिया में अवैध मादक पदार्थों की सबसे बड़ी जब्ती हो सकती है और इसके बावजूद सरकार ने चुप्पी साध रखी है। विपक्षी पार्टी ने इससे निपटने के लिए, खासकर अफगानिस्तान से आने वाली ड्रग्स को लेकर उठाए जा रहे कदमों पर भी केंद्र को घेरा और कई सवाल उठाए।
राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा, 3 हजार किलो हेरोइन जब्ती, न केवल भारत, बल्कि दुनिया में सबसे बड़ी अवैध ड्रग्स होनी चाहिए। यह कैसे आई? सरकार और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो क्या कर रहे थे? पिछले कुछ महीनों में भारत में मादक पदार्थों की तस्करी में काफी वृद्धि हुई है और यह कुछ वर्षों से चल रहा है, जो देश के युवाओं को तबाह कर सकता है। केंद्र की सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के जज से जांच करवाए, देशभर में अभियान चलाकर माफिया को पकड़ा जाए नहीं तो हम मानेंगे कि केंद्र सरकार से मिलीभगत करके नशे का कारोबार देश में चलाया जा रहा है।
नारकोटिक्स ब्यूरो क्या कर रहा था?
राजीव शुक्ला ने बताया कि बीते सप्ताह पकड़े गए इस ड्रग्स के मामले में क्या कार्रवाई हुई, किसने ये कंसाइनमेंट मंगवाया कुछ पता नहीं चल रहा। पिछले साल बॉलीवुड के लोगों के पास से ड्रग्स मिलने के मामले में हर दिन नारकोटिक्स वाले कार्रवाई कर रहे थे। लोगों को पकड़ रहे थे। बाद में वहां भी क्या हुआ कुछ पता नहीं चला। अब यहां इतनी बड़ी खेप को पकड़ में आने के बाद क्या नारकोटिक्स वाले सो रहे हैं। ये खेप अफगानिस्तान से टेलकम पाउडर के नाम पर भेजी गई, कौन इसके पीछे है भारत सरकार की एजेंसियों को पता लगाना चाहिए, मगर कोई कार्रवाई ही नहीं हो रही ।
आतंकियों को फंडिंग का खतरा है
अब तक सामने आए तथ्यों के मुताबिक गुजरात में मिले ड्रग्स की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में 21 हजार करोड़ रुपए आंकी गई है। ये कंसाइनमेंट अफगान से आया। वहां तालिबानियों का कब्जा है। राजीव शुक्ला ने कहा कहीं ऐसा तो नहीं कि यहां से पैसा उन्हें दिया गया हो वो इस पैसे का इस्तेमाल कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में कर रहे हो। दूसरी तरफ इतनी बड़ी तादाद में देश में ड्रग्स खपाया जाएगा तो युवा वर्ग नशे की लती हो होगा। देश की युवा जड़ों को कमजोर करने की यह बड़ी साजिश है।
राजनीति करने नहीं आया
उन्होंने इस पूरे मामले में किसी उद्योग घराने के शामिल होने पर सवाल किया गया। उन्होंने इसके जवाब में कहा कि मैं यहां राजनीतिक रोटी सेकने नहीं आया। मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा। मैं चाहता हूं कि भारत सरकार जांच तो करे, ताकि इसके पीछे कौन है ये पता लगे। चुपचाप इस मामले को ढकने से काम नहीं चलेगा। हम इस सामाजिक मुद्दे को उठा रहे हैं। ड्रग्स देश के लिए बड़ी समस्या है। लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा उन्हें भी पता तो चले कि कौन लोग इसके पीछे हैं। सरकार की बड़ी-बड़ी एजेंसियों को जांच करके माफिया तक पहुंचना चाहिए।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
