राज्यपाल ने घटना पर मुख्य सचिव से मांगी रिपोर्ट
रायपुर। कवर्धा में दो समुदाय के बीच हिंसा के बाद अब माहौल शांत हो रहा है। कवर्धा के नाम पर प्रदेश की राजनीति गर्म है। मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, रमन सिंह अपने राजनीतिक पुनर्वास के लिए किस हद तक जा सकते हैं यह सभी देख रहे हैं। इधर डॉ. रमन सिंह ने दंगों के लिए सरकार की कथित तुष्टिकरण नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार नवरात्रि में भी युवा जेल में हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, रमन सिंह के बेटे का वीडियो पूरे देश ने देखा है। छत्तीसगढ़ में, कवर्धा में शांति स्थापित हो इसके लिए सब लोग प्रयास कर रहे हैं। जिस तरह भारतीय जनता पार्टी इस घटना को बढ़ाने की कोशिश कर रही है, वह निंदनीय है। यह प्रदेश शांति का प्रदेश है। भाईचारे का प्रदेश है। उसे स्थापित करने में सभी को सहयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा के लोग किस तरह अव्यवस्था फैलाने में लगे थे, वह सभी ने देखा है। भाजपा ने हमेशा से धर्म से धर्म को लड़ा कर अपनी राजनीतिक रोटी सेकने और देश-प्रदेश की सामाजिक समरसता भाईचारा, एकता, अखंडता को खंडित करने का काम किया है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मंत्री के प्रति आक्रोश है-रमन
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, पिछले तीन साल इस सरकार के तुष्टिकरण की वजह से पूरे क्षेत्र में लोगों के मन में सरकार के मंत्री के प्रति आक्रोश है। जिस प्रकार इस घटनाक्रम में एकपक्षीय कार्रवाई की गई। तीन तारीख की घटना हुई। जब भगवा ध्वज को पैरों से कुचला गया। विरोध करने पर मारपीट की गई। उसके बाद यदि एफआईआर होती। असामाजिक तत्वों को अरेस्ट कर लिया जाता तो यह बवाल न होता।
राज्यपाल ने निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश
कवर्धा दंगे पर राज्यपाल अनुसुईया उइके ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पत्र में राज्यपाल ने राजनीतिक-सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें दिए ज्ञापन का हवाला दिया है। राज्यपाल ने कहा है, ज्ञापन में तीन मांगें प्रस्तुत की गई हैं। पहली- घटना की न्यायिक जांच, दूसरी- एक पक्ष के जेल निरुद्ध व्यक्तियों को नि:शर्त रिहाई और तीसरी- घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई।
मुख्य सचिव से तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेश के मुख्य सचिव को कबीरधाम में घटित घटना के संबंध में वस्तुस्थिति, वर्तमान स्थिति, प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन तीन दिवस में भेजने कहा है। उन्होंने कहा, विगत दिनों प्रदेश के कबीरधाम में दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई जिसकी वजह से जिले की शांति व्यवस्था एवं सौहाद्रतापूर्ण माहौल भंग हुआ है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
