मंत्रियों ने किया मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण

सरगुजा। अंबिकापुर में बच्चों की मौत के बाद शासन-प्रशासन सकते में आ गया है। इसी को लेकर रविवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास और सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री शिवकुमार डहरिया, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया। जिसके बाद अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तीनों मंत्रियों ने बैठक ली।

बैठक में तीनों मंत्रियों ने अस्पताल के अधिकारियों और डॉक्टरों से नवजात शिशुओं की मृत्यु के कारणों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मंत्रियों ने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। मंत्री डहरिया ने कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संविदा भर्ती के निर्देश

मंत्री ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक और शिशु रोग प्रभारी दोनों एक साथ छुट्टी पर नही जाएंगे। छुट्टी पर जाने से पहले ड्यूटी के लिए कोई दूसरा विकल्प जरूर होना चाहिए। डॉक्टरों या प्रोफेसर की कमी है तो संविदा पर भर्ती करने के आदेश भी मंत्री ने दिए हैं।

व्यवस्था सुधारने के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में साफ-सफाई में कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्सवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने देने के लिए उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस मशीन लगाने को भी कहा है। इस दौरान मंत्रियों ने एसएनसीयू और शिशु वार्ड का निरीक्षण भी किया।