बिलासपुर का कांग्रेस संगठन इन दिनों सवालों के घेरे में आ रहा है। मंत्री, नेता, पदाधिकारी सभी शीर्ष नेताओं के आदेशों की अवहेलना करते दिख रहे हैं। जबकि हाल ही में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने पीसीसी की बैठक में ये निर्देश दिया था कि मंत्री जिस भी जिले के दौरे में जाएं, वे वहां के कांग्रेस भवन में जरूर जाएं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलें। लेकिन मंत्री प्रदेश प्रभारी को हल्के से ले रहे है।

दरअसल नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया अम्बिकापुर से रायपुर लौट रहे थे। इस बीच उनका बिलासपुर में एक बैठक के साथ कांग्रेस भवन में मिलने का कार्यक्रम था। लेकिन मंत्री कार्यकर्ताओं से मिले बिना कांग्रेस भवन के बाजू से ही सायरन बजाते हुए निकल गए। जिसके बाद उनके स्वागत को तैयार नेता, कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी गुलदस्ता लिए खड़े रह गए।

एल्डरमैन को दिए गुलदस्ते

मंत्री के नहीं आने से कार्यकर्ता मायूस हो गए। इसी बीच जानकारी लगी कि एक एल्डरमैन का जन्मदिन है, तो सभी ने मंत्री के लिए आए गुलदस्ते को एल्डरमैन को दे कर कार्यकर्ताओं की इज्जत बचा ली। वहीं इस बीच कुछ कार्यकर्ता ये भी कहते दिखे कि मंत्री के किस्मत में फूल था ही नहीं तो क्या कर सकते हैं।