एक दिन के लिए कलेक्टर बनने की इच्छा रखने वाले शैलेन्द्र ध्रुव कल राज्य के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से मिलकर गदगद हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन का सपना पूरा हो गया है मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं जिला प्रशासन से मिले सम्मान के लिए उन्होंने आभार जताया है।

इसी तारतम्य में दैनिक समाचार पत्र देशबंधु में 23 अक्टूबर को शैलेन्द्र की कलेक्टर बनने की इच्छा रह गई अधुरी शीर्षक नाम से समाचार प्रकाशित हुआ है, जो कि पूरी तरह तथ्यहीन एवं भ्रामक है, प्रकाशित समाचार में ‘‘नहीं मिली कलेक्टर की कुर्सी” “न कोई प्रशासनिक सुविधा’’ का जिक्र किया गया है।

जबकि शैलेन्द्र ध्रुव को उनके गृहग्राम से प्रशासनिक देखरेख में जिला कार्यालय लाया गया कलेक्टर के निर्देश पर उन्हें जनपद पंचायत छुरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रूचि शर्मा उनके गृहग्राम मेड़की डबरी जाकर ससम्मान गरियाबंद लेकर आयी उनके लिए अलग से वाहन की व्यवस्था की गई थी तत्पश्चात न्यू सर्किट हाउस में सम्मान के साथ स्वागत कर उन्हें स्वल्पाहार के लिए आमंत्रित किया गया।

शैलेन्द्र ध्रुव जब जिला कार्यालय पहुंचे जहां गार्ड द्वारा उनके वाहन का दरवाजा खोलकर स्वागत किया गया कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर स्वयं नीचे पहुंचकर उनका अभिनंदन किये और उनसे आत्मीय चर्चा भी की इस दौरान अपर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, छुरा एसडीएम एवं जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

चूंकि शैलेन्द्र का मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से मिलने का समय पहले ही तय था, इसलिए समयाभाव को देखते हुए उन्हें तत्काल रायपुर रवाना किया गया उन्हें डिप्टी कलेक्टर रूचि शर्मा एवं छुरा एसडीएम शीतल बंसल साथ लेकर रायपुर पहुंचे लगभग 1ः45 बजे न्यू सर्किट हाउस रायपुर पहुंचने के पश्चात व सुरक्षा चेकिंग के पश्चात तत्काल मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा ससम्मान आमंत्रित किया गया एवं उनसे आत्मीय चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने पास वाले कुर्सी में बिठाकर सम्मान दिया और उनसे बातचीत की उनके इच्छा के अनुरूप उन्हें चाकलेट और मिठाई भी दिये गये साथ में भोजन भी किये एवं इन्हे ‘‘गार्ड ऑफ आनर’’ भी दिया गया।

समाचार पत्र द्वारा ‘‘रायपुर में तीन घंटे के इंतजार के बाद सीएम ने की शैलेन्द्र से मुलाकात’’ पूर्णतः असत्य है सीएम से मुलाकात से पश्चात समय को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीधे उनके घर जाकर ससम्मान छोड़ा गया डिप्टी कलेक्टर सुश्री रूचि शर्मा ने बताया कि इस दौरान पूरे प्रोटोकॉल का पालन किया गया।

इस पूरे प्रक्रिया के दौरान शैलेन्द्र गदगद हुए और अपने इस सम्मान और आवभगत के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किये है उनके माता-पिता द्वारा भी इस सम्मान के लिए आभार जताया गया है।

अतः उक्त समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित समाचार पूर्णतः असत्य, तथ्य से परे एवं भ्रामक है, अतः जिला प्रशासन उक्त समाचार का खंडन करता है।