पेट्रोल ,डीजल की बढ़ती कीमत को देखते हुये केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल के रूप में हरित हाइड्रोजन की वकालत की है। गडकरी ने कहा कि भारत को एक ऐसा देश बनाने की जरूरत है जो पेट्रोल और डीजल के आयात पर निर्भर न करे। मंत्री ने कहा, ग्रीन हाइड्रोजन पेट्रोल और डीजल से बेहतर है।

पेट्रोल, डीजल के आयात पर 8 लाख करोड़ खर्च करता है भारत

मंत्री ने यह भी कहा कि भारत इस समय डीजल और पेट्रोल के आयात पर लगभग 8 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है, जो कि अगले 5 वर्षों में बढ़कर 25 लाख करोड़ रुपये हो सकता है, अगर यह प्रवृत्ति जारी रहती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल का आयात घटाकर देश कई समस्याओं को हल कर सकता है।
उन्होंने कहा कि डीजल पर्यावरण के लिए सबसे खराब ईंधन है. उन्होंने निवेशकों से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए इथेनॉल और अन्य स्वच्छ और स्वदेशी ईंधन के निर्माण में रुचि लेने का आग्रह किया।

ढाबों में खुलेंगे पेट्रोल पंप

नितिन गडकरी ने कहा कि उन्होंने अपने मंत्रालय के अधिकारियों से छोटे ढाबा मालिकों को नेशनल हाईवे के किनारे पेट्रोल पंप और शौचालय बनाने की मंजूरी देने के प्रस्ताव पर काम करने को कहा है।