रायपुर। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में गुरुवार से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अलग अंदाज में दिखे। सीएम भूपेश बघेल न्यूज एंकर बन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल जवाब करने लगे। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने मजेदार अंदाज में सवालों का जवाब दिया। कार्यक्रम में सीएम के इस अंदाज ने काफी वाहवाही बटोरी। इस दौरान दोनों सीएम ने पारंपरिक परिधान गौर मुकुट पहनकर आदिवासी मांदर भी बजाई।

सीएम भूपेश ने सीएम हेमंत सोरेन से पूछा कि आपको छत्तीसगढ़ कैसा लग रहा है? इस पर सीएम सोरेन ने मजेदार जवाब देते हुए कहा कि मुझे ऐसा नहीं लग रहा कि मैं झारखंड में नहीं हूं। बल्कि ऐसा लगा रहा है कि मैं अपने राज्य में ही हूं। यहां जितने लोगों से मिला और उन्हें देखा तो सभी में मुझको मेरे प्रदेश की झलक दिख रही है। यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।

सीएम सोरेन ने पारंपरिक परिधान पहनकर बजाया मांदर

शुभारंभ के मौके पर सीएम हेमंत सोरेन, प्रदेश के सीएम भूपेश बघेल समेत यूगांडा और फिलिस्तिन के काउंसलरों ने गौर मुकुट पहनकर आदिवासी वाद्य यंत्र मांदर बजाया। इस दौरान सभी अतिथि समेत अन्य वरिष्ठ लोगों ने कलाकारों का काफी उत्साहवर्धन भी किया।

7 देशों समेत 27 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेश के कलाकार शामिल

28 अक्टूबर से शुरू इस कार्यक्रम में नाइजीरिया, श्रीलंका, यूगांडा, स्वाजीलैंड, मालदीप, फिलिस्तिन और सीरिया से कई विदेशी कलाकार अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। साथ ही देश के 27 राज्यों और 6 केंद्रशासित प्रदेश के कलाकार भी अपनी संस्कृति को अपने प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे।