नारायणपुर। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भानपुरी को उप तहसील का दर्जा मिल गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के बाद शुक्रवार को यहां नायब तहसीलदार कार्यालय का शुभारंभ किया गया है। भानपुरी में उप तहसील कार्यालय खुलने से क्षेत्र के 46 ग्राम पंचायतों को इसका फायदा मिलेगा। साथ ही अब लोगों को लंबी दूरी तय कर बस्तर नहीं जाना पड़ेगा।

भानपुरी इलाके के रतेंगा, गोंडियापाल, खड़का, जामगांव जैसे क्षेत्र बस्तर से 60-60 किलोमीटर दूर है। मुख्य मार्ग में नहीं होने के कारण बस्तर से आवागमन की सार्वजनिक सुविधा भी नहीं है। ऐसी स्थिति में इन क्षेत्रों के ग्रामीण अपने शासकीय कार्य को निपटाने के लिए सुबह ही बस्तर की ओर रवाना होते थे और देर शाम तक घर पहुंचते थे। कई बार काम पूरा नहीं होने पर इनका सारा दिन भी खराब हो जाता था। स्कूली छात्र-छात्राओं को भी आय, जाति प्रमाणपत्र, निवास समेत अन्य दस्तावेज बनवाने में दिक्कत होती थी।

88 हजार से ज्यादा ग्रामीण होंगे लाभान्वित

जगदलपुर कलेक्टर रजत बंसल ने बताया कि इस कार्यालय के जरिए 46 ग्राम पंचायत और 23 पटवारी हल्का के 57 राजस्व ग्रामों में रहने वाले 88 हजार से ज्यादा ग्रामीणों को सेवाएं मिल सकेगी। यहां नायब तहसीलदार कार्यालय खुलने से ग्रामीणों का पैसा, समय और ऊर्जा बचेगी।