रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के ऑनलाईन डैशबोर्ड और महिला स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों के स्मॉर्ट फूड वर्जन ’जोरन’ का गिफ्ट पैक लॉच किया। व्यंजनों के इस पैक में बाजरा की बर्फी, दरभा कॉफी, रागी के कुकीज, बाजरा और बस्तर काजू के कुकीज, मिलेट से बने पीड़िया, पपची, ठेठरी आदि शामिल हैं।

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के ऑनलाईन डैशबोर्ड से नागरिक घर बैठे ही मुफ्त में इलाज कराने हेतु अग्रिम अपॉइनमेंट ले सकेंगे। साथ ही देख पाएंगे की मोबाईल मेडिकल यूनिट की गाड़ी उनके एरिया में कब आने वाली है। इस डैशबोर्ड से अब इलाज और आसान होगा। इस डैशबोर्ड पर मरीजों की दवा पर्ची और जांच रिपोर्ट भी ऑनलाईन उपलब्ध होगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए नागरिकों को ऑनलाईन डैशबोर्ड पर पंजीयन कराना होगा।