कुछ नेता ऐसे बयान देते हैं जिससे विवाद खड़ा हो जाता है, ऐसे ही बीजेपी के मध्य प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने एक ऐसा बयान दिया है जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को मुरलीधर राव ने कहा कि ब्राह्मण और बनिया उनकी जेब में है। उनसे सवाल हुआ था कि क्या बीजेपी जाति के आधार पर वोट मांग रही है?

मध्यप्रदेश में मिशन 2023 को लेकर बीजेपी का पूरा फोकस अब ST-SC वर्ग को साधने पर है। बीजेपी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि बीजेपी आने वाले समय में 2 आयामों पर काम कर रही है, जिनमें आदिवासी वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को अपने साथ जोड़ने पर पूरा फोकस है।

उन्होंने कहा है कि प्रदेश में बीजेपी ने 11 फीसदी वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। बीजेपी हर बूथ पर 11 फीसदी वोट बढ़ाकर वोट शेयर 51 फीसदी हासिल करेगी। हालांकि मुरलीधर राव ने मीडिया के सवाल पर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि मेरे एक जेब में ब्राह्मण और दूसरे जेब में बनिया है। हालांकि उन्होंने फौरन इसे सुधारते हुए कहा कि पहले कहा जाता था कि बीजेपी ब्राह्मण और बनिया की पार्टी है, लेकिन अब धीरे-धीरे सभी वर्ग की ओर आगे जा रहे है।

मुरलीधर राव के इस बयान पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा और प्रवीण पाठक ने कहा कि ये बीजेपी का घमंड बोल रहा है, जो ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा, क्योंकि घमंड ना रावण का रहा ना ही कंस का।

मुरलीधर राव के इस बयान के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी नेता सत्ता के नशे और अहंकार में चूर हो गए हैं. कमलनाथ ने कहा कि ‘ये है बीजेपी के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुरलीधर राव जो कह रहे हैं कि मेरी एक जेब में ब्राह्मण है और एक जेब में बनिया हैं’ उन्होंने आगे कहा कि ‘जिस वर्ग के नेताओं ने बीजेपी को खड़ा करने में महती भूमिका निभाई है, उन वर्गों का यह कैसा सम्मान? यही प्रभारी इसके पहले बीजेपी के चार-पांच बार के सांसद-विधायकों को नालायक भी कह चुके हैं। इनके पूर्व प्रोटेम स्पीकर क्षत्रिय समाज का अपमान कर चुके हैं। उन्हें इन दोनों वर्गों से माफी मांगनी चाहिए।