रायपुर। कोरोना के मामलों में कमी आने और कोरोना वैक्सीनेशन के बाद रेल मंत्रालय ने अहम फैसला लेते हुए कहा है कि मेल/एक्सप्रेस स्पेशल और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों की सेवा अब रेगुलर ट्रेनों जैसी ही होगी। इसके साथ ही स्पेशल ट्रेनों में लगने वाला अलग से चार्ज को भी हटाया है। जिसके बाद अब यात्री पुरानी दरों पर ट्रेनों में सफर कर सकेंगे।

कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने मेल/एक्सप्रेस, स्पेशल और हॉलीडे-डे ट्रेन को स्पेशल ट्रेन बनाकर चला रहा था। इसके साथ ही रेलवे अलग से जार्च भी वसूल रहा था। वहीं अब सामान्य परिचालन बहाल करने का फैसला किया गया है।

बता दें कि अभी तक स्पेशल के रूप में चल रही ट्रेनों में सामान्‍य से 30 फीसदी ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। वहीं अब स्पेशल का टैग हटने के बाद यात्रियों को कम किराया के साथ यात्री अब अनारक्षित कोच में भी यात्रा कर सकेंगे। वहीं सभी को कोविड प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि मंत्रालय ने इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं, जो अगले कुछ दिनों में लागू हो जाएंगे। इस फैसले के बाद अगले कुछ दिनों में 1700 से अधिक ट्रेनें, रेगुलर ट्रेनों के तौर पर काम करना शुरू कर देंगी। यह भी कहा गया है कि सभी ट्रेनों में कोविड-19 से जुड़ी एहतियात और प्रतिबंध लागू रहेंगे।

रेलवे के मुताबिक, पहले से ही बुक किए गए टिकट पर न तो रेलवे किसी तरह के पैसे चार्ज करेगा और न ही रेलवे किसी तरह का रिफंड देगा। सीआरआईएस से इस संबंध में जरूरी बदलाव करने को कहा गया है।