रायपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल-कूद स्पर्धा का शानदार आगाज शुक्रवार को हुआ था। स्पर्धा में खिलाड़ियों ने कबड्डी, बैडमिंटन, एथेलेटिक्स, शतरंज, फुटबॉल, फुगड़ी में अपने जौहर दिखाए। आज इन खेलों में विजेता छात्र—छात्राओं को मुख्यमंत्री बघेल पुरस्कृत करेंगे। दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल-कूद स्पर्धा का समापन समारोह नेताजी सुभाषचन्द्र बोस स्टेडियम में आयोजित किया गया है।

फुगड़ी की प्रतियोगिता में अंकिता यादव रायपुर ने प्रथम स्थान, दूसरा स्थान दुर्ग की हेमेंश्वरी वर्मा के नाम रहा और तीसरे स्थान पर रायपुर की ही सुमि चंद्राकर ने जगह बनाई।

खो-खो में बस्तर रहा आगे

खो-खो बालिका वर्ग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर की स्पर्धा में विजेता बस्तर जोन, उपविजेता दुर्ग संभाग, तीसरा स्थान मेजबान रायपुर को मिला। बालक वर्ग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर में पुनः बस्तर संभाग के बालकों ने बाजी मारी। वहीं उपविजेता मेजबान जोन रायपुर रहा और तीसरा स्थान बिलासपुर संभाग ने प्राप्त किया।

बस्तर की एकतरफा जीत

खो-खो बालिका माध्यमिक विद्यालय स्तर की स्पर्धा में सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों ने बाजी मारी और विजेता होने का गौरव हासिल किया। उपविजेता रायपुर संभाग रहा और 3 स्थान बिलासपुर के खिलाड़ियों ने प्राप्त किया। बालक वर्ग के बॉलीबाल में फाइनल मुकाबला बस्तर और रायपुर के मध्य खेला गया। जिसमें बस्तर जोन ने एकतरफा 2-0 से जीत दर्ज की।