गांजा एवं मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश
पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पुलिस अधीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक
रायपुर। पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने आज पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की । बैठक में डीजीपी ने चिटफंड प्रकरणों, राजनैतिक और आदिवासियों से प्रकरणों की वापसी, गांजा एवं शराब की अवैध तस्करी, जुआ-सट्टा समेत विभिन्न विषयों पर दिशा निर्देश दिए । उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि चिटफंड के प्रकरणों पर तेजी से कार्य करें । इसके साथ ही राजनैतिक और आदिवासियों से प्रकरणों की वापसी पर गंभीरता से निराकरण के निर्देश दिए गए । डीजीपी ने कहा कि गांजा और दूसरे मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के साथ राज्य में होने वाली खपत पर भी विशेष नजर रखें । पुलिस महानिदेशक ने कहा कि वे खुद हर 10 दिन में उक्त मामलों की समीक्षा करेंगे ।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि क्राइम का डेटाबेस हमेशा अपडेट रखें । घटित अपराधों, उन पर हुई कार्रवाई और लंबित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी रखें इससे अपराध कम करने में मदद मिलती है । सभी रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षक अपने स्तर पर लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करें और उनका निराकरण करें ।
शाम को फिल्ड में होनी चाहिए पुलिस- डीजीपी
पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि अपने जिले के हॉट स्पॉट पर विशेष ध्यान दें। शहर के ऐसे स्थान जहां पर अपराध ज्यादा घटित होते हैं या ज्यादा संभावनायें हैं ऐसी जगहों पर विशेष सतर्कता बरतें । इसके साथ ही ऐसे स्थानों को चिह्नित कर वहां रोज शाम को पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए । सभी पुलिस अधीक्षक अपने जिलों के थानों का नियमित निरीक्षण करें । थानों में आम नागरिकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए । सभी पुलिस अधीक्षक अपने कार्यालय में पर्याप्त समय दें और नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करें ।
जीरो टॉलरेंस का नीति के तहत करें कार्रवाई- डीजीपी
डीजीपी ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति प्रिय राज्य है। यहां सांप्रदायिक घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए। असामाजिक तत्वों की लिस्ट बनाकर रखें जो भी ऐसी घटनाओं में संलिप्त पाए जाएं उन पर सख्त कार्रवाई करें । उन्होंने कहा कि अपराधियों के संरक्षण और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस महानिदेशक ने कहा कि वर्ष के अंत में आंकड़े कम करना उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि प्रकरणों को शीघ्रता से निराकरण कर लोगों को न्याय दिलाएं।
महिला विरुद्ध में संवेदनशीलता के साथ करें कार्रवाई- डीजीपी
पुलिस महानिदेशक ने महिला विरूद्ध अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करें। इसके साथ ही धर्मांतरण से जुड़े मुद्दे, सांप्रदायिक घटनाओं , भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष सतर्कता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करें । डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को मिलने वाले वीकली ऑफ पर सभी जिलों को अगले 10 दिन में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं ।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
