नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह 9 बजे राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने किसानों के आंदोलन के आगे झुकते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने का बड़ा ऐलान कर किसानों को बड़ी खुशखबरी दी है। पीएम मोदी ने संबोधन में सबसे पहले कहा कि, ‘आज गुरु नानक देव जी का पवित्र प्रकाश पर्व है। मैं विश्वभर में सभी लोगों को और सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं। ये भी बहुत सुखद है कि, डेढ़ साल के अंतराल के बाद करतारपुर साबिह कॉरिडोर अब फिर से खुल गया है। अपने पांच दशक के जीवन में किसानों की चुनौतियों को बहुत करीब से देखा है, जब देश हमें 2014 में प्रधानसेवक के रूप में सेवा का अवसर दिया तो हमने कृषि विकास, किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।’

किसानों की स्थिति सुधारने के लिए लाए गए थे कानूनपीएम

पीएम मोदी ने कृषि कानून को लेकर यह भी कहा कि, ”किसानों की स्थिति को सुधारने के इसी महाअभियान में देश में तीन कृषि कानून लाए गए थे। मकसद ये था कि देश के किसानों को, खासकर छोटे किसानों को और ताकत मिले, उन्हें अपनी उपज की सही कीमत और उपज बेचने के लिए ज्यादा से ज्यादा विकल्प मिले। बरसों से ये मांग देश के किसान, देश के कृषि विशेषज्ञ, देश के किसान संगठन लगातार कर रहे थे। पहले भी कई सरकारों ने इस पर मंथन किया था। इस बार भी संसद में चर्चा हुई, मंथन हुआ और ये कानून लाए गए।”